-गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी: अमित तिवारी
-मोदीनगर के ग्राम नाहल में छापेमारी के दौरान दुकान से 14 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से बरामद।
– आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत थाना भोजपुर में मुकदमा दर्ज।
– जिलेभर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवररेटिंग रोकने के लिए विशेष अभियान जारी।
-गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित, फोन नंबर 0120-3761964।
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर जिले में सख्त अभियान शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी की पहल पर सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और छापेमारी कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, डायवर्जन, ओवररेटिंग और कालाबाजारी जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रविवार को जिला पूति अधिकारी अमित तिवारी ने आपूर्ति विभाग की टीम के साथ तहसील मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम नाहल में बिस्मिला पेंट हार्डवेयर की दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से 14 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए पाए गए। जांच में सामने आया कि जावेद पुत्र शाहिद, निवासी ग्राम नाहली थाना भोजपुर, इन सिलेंडरों को अवैध रूप से अर्जित कर मुनाफाखोरी के उद्देश्य से बेचने का कार्य कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई और आरोपी के विरुद्ध द्रवित पेट्रोलियम गैस विनियमन एवं वितरण आदेश 2000 के उल्लंघन के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत थाना भोजपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया।
जब्त किए गए सभी घरेलू गैस सिलेंडरों को सिकरी खुर्द गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया। जिला पूति अधिकारी अमित तिवारी की सख्त कार्यशैली और निगरानी के चलते जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर अनाधिकृत होल्डिंग, अवैध भंडारण, डायवर्जन, कालाबाजारी, ओवररेटिंग या गैस सिलेंडरों की अनियमित डिलीवरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी व्यक्ति, प्रतिष्ठान या गैस एजेंसी इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत ट्रांसहिण्डन क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी उमेश चंद द्वारा तीन गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। इनमें युग गैस एजेंसी, चंदर गैस एजेंसी और यूनाइटेड गैस एजेंसी शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं की बुकिंग प्राप्त होते ही गैस सिलेंडरों की समयबद्ध होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। जिला पूति अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशों के अनुसार जिन परिवारों के पास पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध है, उन्हें एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुक नहीं करने और अनावश्यक रूप से घरों में सिलेंडर जमा नहीं करने की हिदायत दी गई है। यदि कोई उपभोक्ता या गैस एजेंसी इस नियम का उल्लंघन करती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी और भ्रामक सूचनाएं फैलाकर अनावश्यक दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे प्रशासन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने आम नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही किसी प्रकार की अफवाहों को बढ़ावा दें। यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की अनाधिकृत होल्डिंग, अवैध भंडारण, डायवर्जन, कालाबाजारी, ओवररेटिंग या अनियमित डिलीवरी की शिकायत सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल जिला पूर्ति कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम को दी जा सकती है। गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला पूर्ति कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक दूरभाष संख्या 0120-3761964 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। जिला पूति अधिकारी अमित तिवारी की सक्रिय और सख्त कार्यशैली के चलते जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और कालाबाजारी पर लगाम लगाने की दिशा में प्रशासन पूरी मजबूती से काम कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आम उपभोक्ताओं के अधिकार सुरक्षित रहें और बाजार में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




