Image Slider

-अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने राया अर्बन सेंटर और हेरिटेज सिटी परियोजना की साइट का किया निरीक्षण
-परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों को दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश
-मेडिकल डिवाइस पार्क सहित कई औद्योगिक पार्कों की प्रगति की भी की समीक्षा

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाले राया अर्बन सेंटर और हेरिटेज सिटी प्रोजेक्ट को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के चेयरमैन आलोक कुमार ने दोनों परियोजनाओं की साइट का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द जमीन खरीद शुरू करने के निर्देश दिए। अपर मुख्य सचिव ने सबसे पहले राया अर्बन सेंटर में औद्योगिक भू-उपयोग के लिए प्रस्तावित 64 हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने हेरिटेज सिटी परियोजना की साइट और केंद्र सरकार के प्रस्तावित वृंदावन बाइपास के लिए चिन्हित स्थान का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यमुना अथॉरिटी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद वृंदावन स्थित यमुना अथॉरिटी के क्षेत्रीय कार्यालय में परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राया अर्बन सेंटर और हेरिटेज सिटी परियोजना के लिए तेजी से जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि परियोजनाओं को जल्द क्रियान्वित किया जा सके। बैठक के दौरान यमुना अथॉरिटी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने हेरिटेज सिटी परियोजना, श्रीबांके बिहारी जी मंदिर के लिए प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था तथा अथॉरिटी की आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। चेयरमैन ने प्रस्तुतीकरण के दौरान आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में अथॉरिटी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, ओएसडी शैलेंद्र सिंह, जीएम प्रोजेक्ट राजेन्द्र भाटी आदि मौजूद रहे।

औद्योगिक पार्कों की प्रगति की भी हुई समीक्षा

इससे पहले अपर मुख्य सचिव ने मेडिकल डिवाइस पार्क स्थित प्रशासनिक भवन में विभिन्न इंडस्ट्रियल पार्कों की प्रगति की समीक्षा की और स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, टॉय पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क, डाटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा जनरल इंडस्ट्री से जुड़े सेक्टरों की प्रगति की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में तेजी लाने, परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||