-यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने दो कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट जारी कर औद्योगिक निवेश को दी नई गति
-ऑटो पार्ट्स और पैकेजिंग सेक्टर की कंपनियों के नए प्लांट से यमुना सिटी को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
-स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो और परफेक्टपैक लिमिटेड को मिली मंजूरी, औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को दो कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किया है। इन कंपनियों द्वारा यमुना सिटी में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र में करीब 335 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्राधिकरण ने मैसर्स स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो इंडिया प्रा. लि. को सेक्टर-8 डी में सात एकड़ भूमि के लिए एलओआई जारी किया। कंपनी के कार्यकारी निदेशक अशोक दास और पीयूष गोयल को यह पत्र प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह और एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया ने सौंपा। शासन की निवेश प्रोत्साहन नीति के तहत फॉर्च्यून-500 कंपनियों से जुड़ी होने के कारण कंपनी को सहायक अनुदान भी प्रदान किया गया है।
प्रस्तावित इकाई में स्विच, सेंसर और अन्य ऑटो स्विच प्रणालियों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी इस परियोजना में करीब 220 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।इसके अलावा बीएसई में सूचीबद्ध कंपनी परफेक्टपैक लिमिटेड को भी एलओआई जारी किया गया है। यह कंपनी विभिन्न उद्योगों के लिए कंटेनर और पैकेजिंग समाधान तैयार करती है। कंपनी का एक प्लांट पहले से ही ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-2 में संचालित है। परफेक्टपैक लिमिटेड वर्तमान में एलजी, सैमसंग, वोल्टास, उषा, मोटोरोला, आहूजा रेडियो, बीटीडब्ल्यू, हमदर्द, अपोलो पाइप्स, प्यूमा, हैवल्स और लेनोवो जैसी कंपनियों को पैकेजिंग समाधान उपलब्ध कराती है।
कंपनी ने 42 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाला दूसरा प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए यीडा क्षेत्र में करीब 125 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार इस नए प्लांट के शुरू होने से क्षेत्र में लगभग 700 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इन निवेश प्रस्तावों से यमुना सिटी को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।
यमुना सिटी को एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा है। नई औद्योगिक इकाइयों के आने से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्राधिकरण की प्राथमिकता है कि उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक निवेश आकर्षित किया जा सके और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिले।
आर.के. सिंह
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



