Image Slider

तमिलनाडु में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता से नेता बने विजय ने महिलाओं को केंद्र में रखते हुए कई बड़े चुनावी वादे किए हैं. तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) चीफ विजय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महाबलीपुरम में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो महिलाओं की आर्थिक मदद, सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी कई योजनाएं लागू की जाएंगी.

विजय ने इसके साथ घोषणा की कि उनकी सरकार बनने पर राज्य में 60 साल की उम्र तक की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. हालांकि यह सुविधा सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को नहीं मिलेगी. इसके अलावा ‘अन्नापूरणी सुपर सिक्स योजना’ के तहत हर परिवार को साल में 6 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का भी वादा किया गया है.

शादी पर मुफ्त सोना और सिल्क साड़ी

सुपर स्टार विजय ने युवतियों की शादी के लिए एक खास योजना का भी ऐलान किया. इसके तहत शादी के समय 8 ग्राम सोना और एक रेशमी साड़ी दी जाएगी. विजय ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी.

शिक्षा के लिए विशेष योजना

स्कूल छोड़ने की समस्या को रोकने के लिए विजय ने ‘कामराजर कल्वी उरुधि थिट्टम’ योजना की घोषणा की. इस योजना के तहत बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए हर साल मां या अभिभावक को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के नाम पर होगी.

महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विजय ने कई कदमों का वादा किया. उन्होंने कहा कि अगर टीवीके सत्ता में आती है तो महिलाओं के खिलाफ अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी.

इसके तहत महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों के लिए विशेष फास्ट-ट्रैक अदालतें बनाई जाएंगी. वहीं सार्वजनिक परिवहन में ‘स्मार्ट पैनिक बटन’ लगाए जाएंगे और तमिलनाडु पुलिस में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘रानी वेलु नचियार यूनिट’ बनाई जाएगी, जिसका नाम ऐतिहासिक रानी वेलु नचियार के नाम पर होगा

अन्य प्रमुख घोषणाएं

विजय ने महिलाओं और परिवारों के लिए कई अन्य योजनाओं का भी ऐलान किया. इनमें शामिल हैं:

  • महिलाओं के लिए सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा
  • स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण
  • राशन दुकानों, स्कूलों और कॉलेजों के जरिए महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड
  • तमिलनाडु में जन्म लेने वाले हर नवजात बच्चे को सोने की अंगूठी और ‘बेबी वेलकम किट’

तमिलनाडु में चुनावी मुकाबला

तमिलनाडु में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. फिलहाल राज्य में द्रविड़ मुनेत्र कषगम की सरकार है और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन दूसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं एआईएडीएमके और बीजेपी गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं. दूसरी तरफ विजय की पार्टी टीवीके पहली बार विधानसभा चुनाव में उतर रही है और उसे चुनावी मुकाबले में ‘डार्क हॉर्स’ माना जा रहा है.

डीएमके चीफ स्टालिन हाल ही में महिलाओं को हर महीने 2000 रुपये देने का वादा किया और टीवीके चीफ विजय की तरफ से महिलाओं को 2500 रुपये, सोना, साड़ी और मुफ्त सिलेंडर देने का यह ऐलान स्टालिन के वादों की काट वाला माना जा रहा है. वहीं विजय का कहना कि यह केवल ‘सैंपल वादे’ हैं और चुनाव से पहले उनकी पार्टी और योजनाओं की घोषणा करेगी.

चुनावी रेवड़ियों पर सुप्रीम कोर्ट की चिंता

चुनावी घोषणाओं के बीच मुफ्त योजनाओं को लेकर देश में बहस भी तेज है. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों में बढ़ते ‘फ्रीबी कल्चर’ पर चिंता जताई थी. अदालत ने कहा था कि कई राज्य पहले से राजस्व घाटे में हैं, फिर भी वे बड़ी संख्या में मुफ्त योजनाओं की घोषणा कर रहे हैं, जिससे विकास पर असर पड़ सकता है.

विजय के समर्थकों ने इन घोषणाओं का स्वागत किया है. कई महिला समर्थकों का कहना है कि इन योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि तमिलनाडु की राजनीति में कल्याणकारी योजनाएं लंबे समय से चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा रही हैं. ऐसे में विजय की ये घोषणाएं आने वाले चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||