-करीब 50 प्रतिशत तक किराया घटाने का निर्णय, व्यापारियों को मिली राहत
-कवि नगर और रामानुज दयाल मार्केट की 97 दुकानों को हाउस टैक्स के दायरे में लाने की तैयारी
-महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की पहल को सदन में सराहना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की 1702 दुकानों के किराए को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चा और असमंजस की स्थिति पर आखिरकार शनिवार को विराम लग गया है। इस मामले में गठित समिति के निर्णय पर नगर निगम के माननीय सदन ने मुहर लगा दी है। समिति की सिफारिश के अनुसार अधिकांश दुकानों के किराए में लगभग 50 प्रतिशत तक कमी की गई है, जिससे शहर के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। इस निर्णय के बाद नगर निगम सदन की बैठक में महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक तथा समिति के सदस्यों को व्यापारियों के हित में कदम उठाने के लिए धन्यवाद दिया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की उपस्थिति में नगर निगम की दुकानों के किराए की समीक्षा के लिए एक समिति का गठन किया गया था। इस समिति में पार्षद भगवान अग्रवाल, मनोज त्यागी, अजय शर्मा, उदित मोहन गर्ग और संजय सिंह के साथ अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता एन.के. चौधरी तथा उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह शामिल थे।
समिति ने शहर के विभिन्न बाजारों और क्षेत्रों में स्थित दुकानों के किराए का विस्तृत अध्ययन किया और व्यापारियों के सुझावों को भी ध्यान में रखते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार की। समिति की सिफारिशों को नगर निगम के सदन में प्रस्तुत किया गया, जहां पार्षदों ने सर्वसम्मति से इस पर अपनी सहमति दी। सदन में पार्षद राजीव शर्मा, प्रवीण चौधरी, शीतल और ओमप्रकाश सहित अन्य पार्षदों ने समिति के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। निर्णय के अनुसार नगर निगम की कुल 1702 दुकानों में से 1605 दुकानों के किराए में लगभग 50 प्रतिशत तक कमी की गई है। वहीं रामानुज दयाल मार्केट के डी ब्लॉक की 78 दुकानों और कवि नगर सी ब्लॉक मार्केट की 19 दुकानों को, जिनका प्रीमियम पहले ही जमा हो चुका है, साक्ष्य प्रस्तुत करने के बाद हाउस टैक्स के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इस प्रकार कुल 97 दुकानों को हाउस टैक्स के अंतर्गत लाया जाएगा।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से नगर निगम और व्यापारियों के बीच दुकानों के किराए को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। पहले नगर निगम द्वारा दुकानों का किराया काफी कम लिया जा रहा था, जिसे बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि बाद में व्यापारियों की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए इस मुद्दे पर पुनर्विचार किया गया और एक समिति बनाकर सभी पक्षों की राय ली गई। समिति की रिपोर्ट के आधार पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों की दुकानों के लिए नया किराया तय किया गया है। विजयनगर डी ब्लॉक की 15 दुकानों और विजयनगर कार्यालय के पास स्थित 13 दुकानों से तीन हजार रुपये मासिक किराया लिया जाएगा। सिटी जोन की 407 दुकानों, जिनमें पुरानी तहसील, टाउन हॉल, पुरानी सब्जी मार्केट और सुभाष मार्केट जैसी जगहें शामिल हैं, वहां भू-तल की दुकानों का किराया चार हजार रुपये, प्रथम तल का दो हजार रुपये और खोखा का तीन हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा नेहरू नगर की 14 दुकानों और पटेल मार्ग की 28 दुकानों का किराया चार हजार रुपये तय किया गया है। सहानी पुलिस चौकी मेरठ रोड की 27 दुकानों से 2500 रुपये, नवयुग मार्केट मिनी की 19 दुकानों से तीन हजार रुपये और गंदा नाला क्षेत्र की 32 दुकानों से तीन हजार रुपये मासिक किराया लिया जाएगा। घुकना मेरठ रोड की 13 दुकानों से दो हजार रुपये तथा मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र की आठ दुकानों से भी दो हजार रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार पालिका ट्रक स्टैंड की 264 दुकानों का किराया तीन हजार रुपये और सब्जी मंडी लाइब्रेरी रोड क्षेत्र की दुकानों का किराया 3750 रुपये तय किया गया है। मोहन नगर क्षेत्र में नरेंद्र मोहन अस्पताल के पास स्थित 13 दुकानों से तीन हजार रुपये और अस्पताल के सामने खुली खिड़की वाली तीन दुकानों से दो हजार रुपये किराया लिया जाएगा। इसके अलावा अर्थला, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन, राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र और लाजपत नगर थाना क्षेत्र की दुकानों के लिए भी अलग-अलग किराया निर्धारित किया गया है।
कवि नगर जोन की दुकानों के लिए भी नया किराया तय किया गया है। कवि नगर की 15 दुकानों का किराया छह हजार रुपये, राजनगर नई रेलवे स्टेशन के सामने स्थित 15 दुकानों का तीन हजार रुपये और अधनिर्मित रेलवे स्टेशन के सामने स्थित 20 दुकानों का किराया 3250 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं कवि नगर क्षेत्र के कियोस्क और औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कियोस्क का किराया भी अलग-अलग तय किया गया है। नगर निगम के इस निर्णय के बाद व्यापारियों ने महापौर, नगर आयुक्त और समिति के सभी सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त किया। व्यापारियों का कहना है कि किराए में कमी का यह फैसला उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है और इससे बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


