उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार स्थित 12 टूटी चौक पर बुधवार तड़के पांच मंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की झुलसकर मौत हो गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल दो दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। करीब 24 घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
मृतकों की शिनाख्त शंकर राय (55) राम विशेष (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी पहचान भी संभव नहीं है। अब पुलिस परिजनों से डीएनए सैंपल लेकर शवों की पहचान करेगी। आग के दौरान पुलिस व दमकल कर्मियों ने छह लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान एक युवक के हाथ में कट लगने से वह जख्मी हो गया। उधर बुधवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों की भीड़ उग्र हो गई। इनका आरोप था कि इमारत में कई लोग और फंसे हैं, उनको बचाने के लिए कोई काम नहीं हो रहा। गुस्साई भीड़ ने बचाव दल पर पथराव कर दिया। हमले के दौरान दमकल की एक गाड़ी का सामने का शीशा टूट गया। बाद में पुलिस ने लोगों को खदेड़ा।
सदर बाजार थाना पुलिस ने आग लगने के संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है। शुरुआती जांच के बाद आशंका व्यक्त की जा रही कि शार्ट सर्किट से आग लगी। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि पुलिस आग की सही वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक बुधवार तड़के 4.37 बजे पुलिस व दमकल विभाग को सूचना मिली कि तेलीवाड़ा, 12 टूटी चौक के पास बहादुरगढ़ रोड पर एक पांच मंजिला इमारत में आग लग गई है। सूचना मिलते ही शुरुआत में पांच गाड़ियों को भेजा गया। बाद में गाड़ियों को संख्या को और बढ़ा दिया गया। हादसे वाली इमारत करीब 250 गज में है। इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर चार मंजिला है। पांचवीं मंजिल पर टिन शेड डालकर वहां माल रखा हुआ था, जबकि कुछ मजदूर छत पर डले टिन शेड में रहते भी थे। यहां अलग-अलग फ्लोर पर प्लास्टिक के खिलौने के गोदाम, रबर की बॉल, पर्स, चूड़ी और बिंदी के गोदाम बने हुए थे। हादसे के समय इमारत में कई ट्रक माल मौजूद था।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल तक पहुंचने में दमकल कर्मियों को खासी दिक्कत हुई। बाद में करीब 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इसमें हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाली गाड़ी भी शामिल है। उसकी मदद से ऊपरी मंजिलों पर पानी पहुंचा गया। बुधवार पूरे दिन चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शाम के समय चौथी मंजिल के टिन शेड से बुरी तरह जला हुआ एक शव बरामद हुआ। इसके बाद रात करीब 10 बजे दूसरा शव मिला। दोनों के शव बुरी तरह जल गए थे, पहचान मुश्किल थी। बाद में इनकी पहचान शंकर राय और दूसरे युवक की पहचान राम विशेष के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बीच लगातार चले ऑपरेशन के बाद बृहस्पतिवार तड़के करीब 3.20 बजे आग पर काबू पाया गया। बृहस्पतिवार दिन में दो गाड़ियां मौके पर कुलिंग ऑपरेशन में जुटी रही। पुलिस हादसे की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिल्डिंग का जीना था बेहद संकरा
जिस इमारत में बुधवार तड़के आग लगी, उसमें जरूरत से ज्यादा सामान भरा हुआ था। हादसे के समय इमारत में छह-सात लोग ऊपरी मंजिलों पर मौजूद थे। आग लगने पर वह ऊपर की फंस गए। संकरी सीढि़यों पर भी माल था। वहां भी आग लग गई। ऐसे में वहां से निकलकर भागना संभव नहीं था। गनीमत यह रही कि समय रहते छह लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया। इनमें मिथिलेश यादव (30), मुकेश शाह (32), संतोश (20), राजन (25) सुरेश कापडी (57) और संजय (30) को रेस्क्यू कराया गया। वहीं इमारत की छत से आसपास की कोई छत भी नहीं मिलती है। ऐसे में छत पर मौजूद लोग वहीं पर फंस गए। बाद में आग टिन शेड तक पहुंच गई। शंकर व दूसरा युवक वहीं जलकर रखा हो गए। हादसे में एक युवक के हाथ में बचाव के दौरान कट लग गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया, जहां उसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मजदूरी करते थे दोनों मृतक…
शंकर राय और राम विशेष दोनों ही सदर बाजार इलाके में झल्ली वाले (माल उठाने) का काम करते थे। इसके अलावा वह ट्रक पर माल लोड और अनलोड करने भी जाते थे। दोनों ही इमारत की छत पर लगे टिन शेड पर सोते थे। आग लगने के समय दोनों ऊपर अकेले थे। ज्यादातर मजदूर होली पर अपने-अपने घर चले गए थे। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में राम विशेष और शंकर राय ही गायब थे, उनके दोनों के शव बरामद हो गए। कौन सा शव किसका है, इसकी पहचान के लिए डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



