Image Slider

-जनसुनवाई में राजस्व, नगर निगम, विद्युत सहित कई विभागों की शिकायतें
-पारदर्शिता बढ़ाने को जूम मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू
-विधवा महिला को सरकारी योजनाओं से तत्काल राहत देने के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने आम नागरिकों की समस्याएँ सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग, जीडीए, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा निर्माण विभाग से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। यदि कोई गरीब, असहाय या कमजोर व्यक्ति को परेशान करता पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को जनहित और जनपद के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जनता के हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री स्तर से जनता दर्शन की निगरानी की जा रही है।

इसी क्रम में जनपद स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करेंगे और जूम के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि शिकायतों का प्रभावी समाधान हो सके।जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन कल्याण, शस्त्र लाइसेंस (विरासत), फैमिली आईडी, यूपीनेडा, पीएम सूर्य घर योजना, अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान तथा भूमाफियाओं पर कार्रवाई जैसे मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दर्शन के दौरान संजयनगर निवासी विधवा महिला श्रीमती गीता ने अपने पति के निधन के बाद बच्चों के पालन-पोषण में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी।

उनकी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि उन्हें पारिवारिक लाभ योजना, विधवा पेंशन, बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना सहित पात्र योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में पूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पर लंबित मामलों की समीक्षा की और जूम के माध्यम से अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए ताकि जनता के बीच शासन-प्रशासन की सकारात्मक छवि बनी रहे। जनसुनवाई के दौरान एडीएम एल/ए अवनीश, एडीएम ई ज्योति मौर्य, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||