Jaipur News : जयपुर के जगतपुरा स्थित नंदपुरी अंडरपास क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए 125 से अधिक मकानों और पांच धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है. प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क को 80 फीट तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है. इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के मद्देनजर इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद रखी गई थीं. स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क चौड़ी होने से नंदपुरी, जगतपुरा, मालवीय नगर और आसपास की 50 से अधिक कॉलोनियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. वहीं जिन परिवारों के मकान प्रभावित हुए हैं, उन्होंने उचित मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई है. अब प्रशासन मलबा हटाने और सड़क निर्माण की आगे की प्रक्रिया में जुटा हुआ है.
सड़क किनारे ढहाए गए मकानों के मलबे को हटाने का काम लगातार जारी है. प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद यह सड़क 80 फीट चौड़ी हो सकेगी, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा. हालांकि कई परिवार ऐसे भी हैं, जिनके मकान पूरी तरह टूट गए हैं और वे अब खुद को बेघर महसूस कर रहे हैं.
मुआवजे की मांग भी उठी
स्थानीय निवासी समुंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि नंदपुरी क्षेत्र में बने अधिकांश मकान वर्ष 2013 से पहले के हैं. उस समय जयपुर विकास प्राधिकरण का सेक्टर प्लान लागू नहीं हुआ था. उनका मानना है कि सड़क चौड़ी होने से हजारों लोगों को फायदा मिलेगा और ट्रैफिक की समस्या भी काफी हद तक कम होगी. लेकिन जिन लोगों के मकान टूटे हैं, उन्हें प्रशासन की ओर से उचित मुआवजा भी मिलना चाहिए. उनका कहना है कि लोगों ने वर्षों की मेहनत और बचत से अपने घर बनाए थे और अब एक ही दिन में उनका आशियाना उजड़ गया.
80 फीट सड़क से बढ़ेगी सुविधा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क कई जगहों पर केवल 25 से 30 फीट तक सिमट गई थी, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में इसकी चौड़ाई 80 फीट दर्ज है. ऐसे में सड़क का विस्तार होना तय माना जा रहा था. क्षेत्र निवासी सीताराम मीणा ने बताया कि उनके मकान का एक हिस्सा भी कार्रवाई में हटाया गया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने वर्ष 2000 में सोसायटी के माध्यम से यह जमीन खरीदी थी. उस समय 30 फीट सड़क छोड़कर प्लॉट काटे गए थे, जिसके बाद लोगों ने यहां मकान बनाए. उनका कहना है कि प्रशासन को डीएलसी दरों के अनुसार प्रभावित लोगों को मुआवजा देना चाहिए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित कर सकें. क्षेत्र के कई लोगों की राय भी यही है कि सड़क चौड़ी होना जरूरी है, लेकिन जिन लोगों के घर प्रभावित हुए हैं, उनके पुनर्वास और मुआवजे पर भी गंभीरता से विचार होना चाहिए.
बेहतर होगी इलाके की कनेक्टिविटी
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी हुई है और आसपास की कॉलोनियों के लोगों में सड़क चौड़ी होने को लेकर संतोष भी दिखाई दे रहा है. करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी यह सड़क नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ती है. स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिलेगी. यह मार्ग कई प्रमुख कॉलोनियों से होकर गुजरता है और इसके चौड़ा होने से हरे कृष्णा मार्ग पर भी यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है. प्रशासन का दावा है कि नंदपुरी से जगतपुरा तक आवागमन अधिक सुगम होगा और मालवीय नगर, प्रधान मार्ग, अपेक्स सर्किल सहित 50 से अधिक कॉलोनियों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



