Image Slider

Last Updated:

Dasun Shanaka run out controversy: मुंबई इंडियंस के खिलाफ ‘करो या मरो’ के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा. शानदार लय में दिख रहे दासुन शनाका विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के साथ हुई एक भयानक गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए. जुरेल ने शॉट खेलकर पहले रन के लिए कॉल किया, लेकिन फील्डर को देखकर पैर पीछे खींच लिए. तब तक शनाका आधी पिच पार कर चुके थे और दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर जा पहुंचे. जिसके बाद शनाका को रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा.

Zoom

ध्रुव जुरेल ने दासुन शनाका को कराया रन आउट.

नई दिल्ली. मुंबई का ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम और आईपीएल 2026 का 69वां मुकाबला. राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मैच सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि उनके पूरे सीजन की किस्मत का फैसला था. समीकरण बिल्कुल साफ था करो या मरो! मुंबई इंडियंस को हराओ और प्लेऑफ का टिकट सीधे अपनी जेब में डालो. हार का मतलब था टूर्नामेंट से शर्मनाक विदाई. इस दबाव वाले मुकाबले में राजस्थान की टीम रन चेज कर रही थी और हर एक रन के साथ फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ रही थीं. क्रीज पर श्रीलंका के धाकड़ ऑलराउंडर दासुन शनाका सिर्फ 15 गेंदों में 3 छक्के जड़कर 29 रनों पर खेल रहे थे. उनके बल्ले की गूंज बता रही थी कि राजस्थान आज इतिहास रचने के इरादे से उतरा है. दूसरे छोर पर खड़े थे युवा सनसनी ध्रुव जुरेल. दोनों के बीच एक बेहतरीन साझेदारी पनप रही थी, लेकिन तभी पारी के 11वें ओवर में कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरे वानखेड़े स्टेडियम को सन्नाटे में डाल दिया.

स्ट्राइक पर थे ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) और गेंदबाजी का जिम्मा संभाल रहे थे कॉर्बिन बॉश (Corbin Bosch)  की तीसरी गेंद को जुरेल ने हल्के हाथों से पॉइंट की दिशा में खेला. गेंद फील्डर से थोड़ी दूर थी, और जुरेल के दिमाग में तुरंत एक ‘क्विक सिंगल’ का विचार आया. उन्होंने बिना सोचे-समझे कॉल किया और दौड़ पड़े. क्रिकेट में एक पुरानी कहावत है ‘जब आप दौड़ते हैं, तो अपने साथी पर भरोसा करते हैं.’ नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने अपने युवा साथी ध्रुव जुरेल की आवाज सुनी. उन्होंने बिना कोई वक्त गंवाए, अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए स्ट्राइकर एंड की तरफ दौड़ लगा दी. शनाका दो-तीन कदम आगे बढ़ चुके थे, वो पूरी तरह से कमिटेड थे. लेकिन अचानक जुरेल के कदम ठिठक गए. पॉइंट पर मुस्तैद फील्डर शार्दुल ठाकुर को तेजी से गेंद की तरफ आते देख जुरेल के हाथ-पॉव फूल गए. उन्होंने पलक झपकते ही अपना इरादा बदल लिया और शनाका को बीच भंवर में छोड़कर वापस अपने क्रीज की तरफ मुड़ गए.

ध्रुव जुरेल ने दासुन शनाका को कराया रन आउट.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||